पीएमश्री मध्य विद्यालय नयाबाजार में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने जीता सबका दिल।

राजमहल, साहिबगंज। पीएमश्री मध्य विद्यालय नयाबाजार, राजमहल में सोमवार को एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, उपाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, वार्ड पार्षद अमीर कुमार मंडल, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी बीईईओ रॉबिन चंद्र मंडल, विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सिंटू घोष ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, आकर्षक नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों तथा दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और तालियों की गूंज से सराबोर रहा।
इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी रॉबिन चंद्र मंडल ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी छिपी हुई प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर सविता रानी घोष, बैजू रविदास, जितेंद्र यादव, विक्रम कुमार, पंकज कुमार, अशोक हालदार, तुषार चक्रवर्ती सहित कई शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।




