पाकुड़ पुलिस को मिली 11 नई पेट्रोलिंग बोलेरो, सुरक्षा व्यवस्था होगी और सुदृढ़।
उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को किया रवाना, तेज होगी पेट्रोलिंग और बेहतर होगी कानून-व्यवस्था।

पाकुड़। राज्य सरकार द्वारा प्रदत्त 11 नए पेट्रोलिंग बोलेरो वाहनों को बुधवार को समाहरणालय परिसर, पाकुड़ से विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए विधिवत रवाना किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पारंपरिक रूप से नारियल फोड़कर तथा हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की सुरक्षा एवं बेहतर विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को सशक्त बनाने की दिशा में यह पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है। नए वाहनों के जुड़ने से पुलिस की कार्यक्षमता और प्रतिक्रिया समय में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकेगी।

उपायुक्त ने विश्वास जताया कि इन संसाधनों के माध्यम से जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी, जिसका सीधा लाभ आम नागरिकों को प्राप्त होगा।
वहीं, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने भी राज्य सरकार के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि इन नए वाहनों के शामिल होने से जिले की पेट्रोलिंग व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी। उन्होंने बताया कि अब शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित की जा सकेगी, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में और मजबूती आएगी।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इन वाहनों के माध्यम से पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी, अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी तथा आमजन में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सभी वाहनों को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, जहां इनका उपयोग नियमित पेट्रोलिंग, विधि-व्यवस्था संधारण तथा आपातकालीन स्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए किया जाएगा।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए, मुख्यालय डीएसपी, पाकुड़, महेशपुर एसडीपीओ सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




