पाकुड़ जिले में आयुष जांच शिविरों का आयोजन, 498 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण।
ग्रामीणों को निःशुल्क दवा वितरण के साथ स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सलाह भी दी गई।

पाकुड़। ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयुष विभाग, पाकुड़ द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयुष जांच शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में कुल 498 लाभुकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार निःशुल्क दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई गईं।
आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच कराई और आयुष विभाग की इस पहल की सराहना की। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे शिविरों से दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो पाती हैं, जिससे समय पर उपचार संभव हो पाता है।
आयुष विभाग की ओर से यह जांच शिविर पाकुड़ प्रखंड के पाकुड़, लिट्टीपाड़ा प्रखंड स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय कुमारभांजा, हिरणपुर प्रखंड के जवाहर नवोदय विद्यालय बागशीशा तथा पाकुड़िया प्रखंड के गणपुरा में आयोजित किए गए।
शिविर में उपस्थित चिकित्सकों डॉ. अबुतालिब शेख, डॉ. सौरभ विश्वास, डॉ. प्रेम प्रकाश, डॉ. अशोक मेहता, डॉ. अफरोज आलम, डॉ. लवकुश यादव, डॉ. संतोष कुमार यादव तथा डॉ. कुलेश कुमार ने लाभुकों की विभिन्न बीमारियों की जांच की।

चिकित्सकों ने बताया कि शिविर के दौरान लोगों की रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), मधुमेह (डायबिटीज), जोड़ एवं गठिया रोग, बच्चों से संबंधित बीमारियों सहित कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की गई।
जांच के दौरान चिकित्सकों ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन से उन्हें घर के नजदीक ही उपचार की सुविधा मिल रही है। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होती है तथा गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान भी हो जाती है।ग्रामीणों ने आयुष विभाग की इस पहल को सराहनीय बताते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की मांग की।




