नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ, साहिबगंज में उपाध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न।
साहिबगंज से विनीता देवी और राजमहल से मोहम्मद मारूफ निर्विरोध निर्वाचित, बड़हरवा से राजकुमार भगत ने जीता उपाध्यक्ष पद।

साहिबगंज।नगर पालिका आम निर्वाचन–2026 के तहत 23 फरवरी 2026 को हुए मतदान तथा 27 फरवरी 2026 को सम्पन्न मतगणना के बाद गुरुवार को जिले के विभिन्न नगर निकायों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त हेमंत सती ने नव निर्वाचित अध्यक्षों एवं वार्ड पार्षदों को शपथ दिलाते हुए उन्हें जनहित में ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन अलग-अलग स्थानों पर किया गया। सिद्धो-कान्हो सभागार, साहिबगंज में नगर परिषद साहिबगंज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। वहीं समाहरणालय सभागार में नगर पंचायत राजमहल के अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इसके अलावा जिला पंचायती राज सभागार में नगर पंचायत बड़हरवा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों को शपथ दिलाई गई।

शपथ ग्रहण के दौरान सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने भारतीय संविधान की गरिमा बनाए रखने, अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने तथा क्षेत्र के समग्र विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान तीनों नगर निकायों में उपाध्यक्ष पद के लिए भी चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई। नगर परिषद साहिबगंज में विनीता देवी को उपाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं नगर पंचायत राजमहल में मोहम्मद मारूफ को भी उपाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुना गया।

नगर पंचायत बड़हरवा में उपाध्यक्ष पद के लिए निर्मला कुमारी और राजकुमार भगत के बीच सीधा मुकाबला हुआ। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद राजकुमार भगत को उपाध्यक्ष पद के लिए विजयी घोषित किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी, संबंधित निर्वाची पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त हेमंत सती ने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निकायों की जिम्मेदारी केवल प्रशासनिक नहीं बल्कि सामाजिक भी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के आपसी समन्वय से ही शहरों का समग्र और संतुलित विकास संभव है तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही सभी जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।




