कोटालपोखर ग्रामीण जलापूर्ति योजना को चालू कराने के लिए विधायक निसात आलम ने विधानसभा में भेजा निवेदन।
एक वर्ष से बंद पड़ी करोड़ों की योजना से हजारों लोग परेशान, गुमानी नदी से पानी लाकर किया जाता था शुद्धिकरण और आपूर्ति।

बरहरवा साहिबगंज।बरहरवा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कोटालपोखर बाजार में बंद पड़ी ग्रामीण जलापूर्ति योजना को पुनः चालू कराने को लेकर पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक निसात आलम ने झारखंड विधानसभा में निवेदन पत्र भेजते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इस योजना के बंद रहने को क्षेत्र के लोगों के लिए गंभीर समस्या बताते हुए इसे जल्द शुरू कराने की आवश्यकता जताई है।
विधायक निसात आलम ने बताया कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से करोड़ों रुपये की लागत से कोटालपोखर बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्रामीण जलापूर्ति योजना का निर्माण कराया गया था। यह योजना लगभग एक वर्ष से बंद पड़ी हुई है, जिसके कारण क्षेत्र के हजारों लोगों को स्वच्छ पेयजल नहीं मिल पा रहा है और उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और बाजार के लोगों ने उन्हें इस समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों का कहना है कि योजना पूर्ण होने के बाद सरकार द्वारा इसे लोगों के उपयोग के लिए सौंप दिया गया था, लेकिन विभागीय लापरवाही और कुछ तकनीकी गड़बड़ियों के कारण यह योजना लंबे समय से ठप पड़ी हुई है।
विधायक ने कहा कि कोटालपोखर ग्रामीण जलापूर्ति योजना क्षेत्र के लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं थी। इस योजना के तहत गुमानी नदी से पानी लाकर उसे शुद्धिकरण प्रक्रिया से गुजारा जाता था और इसके बाद पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से पूरे कोटालपोखर बाजार क्षेत्र में जलापूर्ति की जाती थी। योजना के लिए यहां एक बड़ी पानी टंकी का निर्माण भी किया गया है, जिससे हजारों लोगों को नियमित रूप से स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाता था।
उन्होंने कहा कि योजना बंद रहने के कारण लोगों को आज भी पानी की गंभीर समस्या से जूझना पड़ रहा है। कई परिवारों को मजबूरी में बाजार से पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है, जिससे उनके ऊपर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।
विधायक निसात आलम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड विधानसभा की संबंधित समिति, विभागीय मंत्री और विभागीय सचिव से भी वार्ता की है तथा जल्द से जल्द योजना को पुनः चालू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार की इतनी महत्वपूर्ण योजना का लंबे समय तक बंद रहना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया है कि कोटालपोखर ग्रामीण जलापूर्ति योजना को फिर से चालू करने के लिए आवश्यक पहल जल्द की जाएगी। विधायक ने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान होगा और कोटालपोखर बाजार सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की सुविधा फिर से मिल सकेगी।





