Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

कृषि यंत्रीकरण उप मिशन के तहत 80% अनुदान पर मिलेंगे आधुनिक कृषि यंत्र, 6 महिला सखी मंडलों का चयन।

PM-RKVY योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपये तक के पैकेज पर अनुदान, मिनी ट्रैक्टर से लेकर रीपर तक उपलब्ध होंगे यंत्र।

पाकुड़। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र प्रायोजित PM-RKVY योजना के अंतर्गत कृषि यंत्रीकरण उप मिशन (SMAM) उपयोजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कृषि उपकरण बैंक की स्थापना तथा आधुनिक कृषि यंत्रों के वितरण के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा कर अनुमोदन प्रदान किया गया।

इस महत्वपूर्ण पहल के तहत जिले के 06 महिला सखी मंडलों का चयन किया गया है, जिन्हें इस योजना का लाभ दिया जाएगा। चयनित सखी मंडल कृषि उपकरण बैंक स्थापित कर अपने क्षेत्र के किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराएंगे।

भूमि संरक्षण पदाधिकारी सुचीत एक्का ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत लगभग 10 लाख रुपये तक के पैकेज पर 80 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। इस पैकेज में आधुनिक कृषि उपकरण जैसे मिनी ट्रैक्टर, रीपर (धान काटने की मशीन), पावर टिलर, रोटावेटर, केजव्हील, कल्टीवेटर, आदि शामिल होंगे।सखी मंडल अपनी आवश्यकता के अनुसार इन कृषि यंत्रों का चयन कर पैकेज तैयार करेंगे और उनका क्रय करेंगे।

इस पहल से महिला सखी मंडलों को खेती के कार्यों में आत्मनिर्भरता मिलेगी। बुआई से लेकर कटाई तक के सभी कार्य समय पर और बेहतर तरीके से पूरे हो सकेंगे, जिससे कृषि कार्यों की गुणवत्ता में सुधार आएगा।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि कृषि यंत्रीकरण से श्रम की बचत होगी, कार्यों में तेजी आएगी और उत्पादन में वृद्धि होगी। इसका सीधा लाभ किसानों की आय बढ़ने के रूप में दिखाई देगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना के पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम मैनेजर (JSLPS) तथा भूमि संरक्षण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।यह योजना जिले में कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो विशेष रूप से महिला समूहों को सशक्त बनाते हुए किसानों की आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!