बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की सतर्कता से दो नाबालिग सुरक्षित, फेसबुक के जरिए बने प्रेम संबंध का मामला आया सामने।
संदिग्ध हालत में वेटिंग रूम से मिला किशोर-किशोरी, काउंसलिंग के बाद बाल संरक्षण टीम को सौंपा गया।

बरहरवा साहिबगंज । रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ बरहरवा द्वारा बुधवार को स्टेशन परिसर में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान दो नाबालिगों को संदिग्ध स्थिति में पाया गया। समय लगभग 15:30 बजे आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में यह अभियान असामाजिक तत्वों, यात्रियों से संबंधित अपराधों एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के उद्देश्य से चलाया जा रहा था।
इस अभियान में सहायक उपनिरीक्षक अजय कुमार हांसदा, कांस्टेबल जय कुमार, कांस्टेबल सूरज प्रताप यादव एवं कांस्टेबल अजय कुमार शामिल थे। जांच के दौरान जब टीम प्लेटफॉर्म संख्या 01 स्थित वेटिंग रूम में पहुंची, तो वहां एक लड़का और एक लड़की संदिग्ध अवस्था में बैठे मिले।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने स्वयं को भाई-बहन बताया, लेकिन जब उनसे उनके अभिभावकों से संपर्क कराने को कहा गया तो वे घबरा गए और सच्चाई सामने आ गई।
लड़के ने अपनी उम्र लगभग 15 वर्ष तथा पता थाना तालझारी, जिला साहिबगंज बताया, जबकि लड़की ने अपनी उम्र लगभग 17 वर्ष और पता थाना शिकारीपाड़ा, जिला दुमका बताया।
आगे की पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे एक-दूसरे को फेसबुक के माध्यम से जानते हैं और आपस में प्रेम संबंध में हैं। लड़की ने बताया कि वह दुमका से पहले पाकुड़ पहुंची और वहां से सड़क मार्ग द्वारा बरहरवा आई, जहां दोनों आगे कहीं जाने की योजना बना रहे थे।
दोनों के नाबालिग होने के कारण मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर “बाल संरक्षण मंथन” एवं चाइल्डलाइन बरहरवा की प्रतिनिधि आराधना मंडल को बुलाया गया। उन्होंने दोनों बच्चों की काउंसलिंग की और स्थिति को समझने का प्रयास किया।
इसके बाद दोनों नाबालिगों को आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया, जहां सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। अंततः दोनों को आगे की कार्रवाई हेतु बाल संरक्षण मंथन, बरहरवा की प्रतिनिधि आराधना मंडल के सुपुर्द कर दिया गया।




