बारहरवा रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी के खिलाफ अभियान, 5 नाबालिगों को बचाया गया।
सतर्क आरपीएफ टीम की त्वरित कार्रवाई से टला संभावित मानव तस्करी का मामला।

बारहरवा साहिबगंज। मानव तस्करी एवं यात्री अपराधों की रोकथाम को लेकर मंगलवार सुबह बारहरवा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान प्रातः 08:40 बजे आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में संचालित किया गया। उनके साथ सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान, हेड कांस्टेबल मजनू सोरेन, कांस्टेबल अनिल कुमार साह एवं कांस्टेबल अजय कुमार भी शामिल थे।
जांच के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 01 के साहिबगंज छोर पर स्थित यात्री शेड में पांच नाबालिग लड़के संदिग्ध स्थिति में बैठे पाए गए। आरपीएफ टीम द्वारा पूछताछ किए जाने पर सभी ने बताया कि वे पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। वे बिना अपने अभिभावकों को सूचना दिए मजदूरी के उद्देश्य से ट्रेन संख्या 14003 अप से बारहरवा से आरा (बिहार) जाने की योजना बना रहे थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी नाबालिगों को सुरक्षित हिरासत में लेकर आरपीएफ पोस्ट बारहरवा लाया। इसके बाद बाल संरक्षण से संबंधित संस्था ‘बाल संरक्षण मंचन, बारहरवा, साहिबगंज’ को तत्काल सूचना दी गई।
सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद पांचों नाबालिगों को संस्था के प्रतिनिधि अराधना मंडल एवं गौतम कुमार को आगे की कार्रवाई एवं सुरक्षित पुनर्वास के लिए सौंप दिया गया।
आरपीएफ द्वारा चलाया गया यह अभियान न केवल संभावित मानव तस्करी की घटना को रोकने में सफल रहा, बल्कि नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुआ। ऐसे अभियानों से रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।



