Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

आतापुर में भव्य हरिनाम संकीर्तन महोत्सव: उमड़ा आस्था का जनसैलाब, सौहार्द और भाईचारे का सशक्त संदेश।

उधवा (साहिबगंज)। उधवा प्रखंड अंतर्गत आतापुर गांव में आयोजित भव्य संकीर्तन महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में अत्यंत गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ। हरिनाम संकीर्तन और भक्ति गीतों की मधुर स्वर-लहरियों से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से आयोजन स्थल पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता सम्मानपूर्वक उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू शामिल हुए। उनके साथ प्रखंड अध्यक्ष अयूब अली उर्फ बाबू दा, सचिव विश्वजीत मंडल, वरिष्ठ नेता घीसु शेख, काजू मल्लिक, अरुण घोष, केंद्रीय समिति सदस्य एकलाकुर रहमान तथा किन्नू सोरेन सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अतिथियों ने संकीर्तन मंडली के कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके समर्पण और प्रस्तुति की सराहना की। आयोजन समिति के सदस्यों से भेंट कर कार्यक्रम की भव्यता, सुव्यवस्थित संचालन और अनुशासन की प्रशंसा की गई।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक एकता के प्रतीक हैं और विभिन्न वर्गों के लोगों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता की कामना की।

संकीर्तन के दौरान महिलाएं, युवा और बुजुर्ग पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर हरिनाम संकीर्तन में लीन नजर आए। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहा, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण एवं गरिमामय तरीके से संपन्न हुआ।

अंत में आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की सफलता में संकीर्तन मंडली एवं स्थानीय ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके सहयोग से यह धार्मिक महोत्सव ऐतिहासिक और यादगार बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!