उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में भवन प्रमंडल की योजनाओं की व्यापक समीक्षा।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश।

साहिबगंज। जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में भवन प्रमंडल एवं झारखण्ड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा जिले में संचालित विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम के माध्यम से संचालित सभी कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा तथा वित्तीय व्यय की गहन समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों से प्रत्येक योजना की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य पारदर्शिता एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही संपादित किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, तकनीकी त्रुटि अथवा अनावश्यक विलंब को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने विशेष रूप से अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर बल दिया। साथ ही, कार्यस्थलों पर नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा समय-समय पर प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि कार्यों की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके। उन्होंने संबंधित अभियंताओं एवं पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान निकालने की सलाह दी।
उपायुक्त ने कहा कि सरकारी भवनों एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाएँ सीधे तौर पर आम जनता से संबंधित होती हैं, इसलिए इनका समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्तरदायित्व और प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए।बैठक में भवन प्रमंडल एवं झारखण्ड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित संबंधित विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।




