साहिबगंज में नगर निकाय चुनाव की तैयारी तेज: मतगणना कर्मियों के प्रशिक्षण का उपायुक्त ने लिया जायजा, पारदर्शिता और निष्पक्षता पर दिया विशेष जोर।

साहिबगंज। नगर निकाय चुनाव के सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती ने बुधवार को पुलिस लाइन विद्यालय में आयोजित मतगणना कर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, मतगणना प्रक्रिया की स्पष्ट समझ, प्रपत्रों के संधारण, मतपेटियों की सीलिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक बिंदुओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित कर्मियों से संवाद कर प्रशिक्षण की प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि मतगणना कार्य पूरी तरह निष्पक्षता, पारदर्शिता और सतर्कता के साथ संपन्न किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक चरण में झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान उपायुक्त ने प्रश्नोत्तर के माध्यम से कर्मियों की तैयारी का आकलन किया। जहां आवश्यकता महसूस हुई, वहां सुधारात्मक सुझाव देते हुए उन्होंने मतगणना प्रक्रिया की सूक्ष्मताओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि मतगणना प्रक्रिया सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षित कर्मियों और अधिकारियों के समन्वित प्रयास से नगर निकाय चुनाव की मतगणना प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांति के साथ संपन्न होगी।




