Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज में जनता दरबार: उपायुक्त हेमंत सती ने सुनीं आमजन की समस्याएँ, त्वरित समाधान के दिए सख्त निर्देश।

साहिबगंज।जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी हेमंत सती ने स्वयं उपस्थित होकर फरियादियों की समस्याएँ सुनीं। उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित इस जनता दरबार में जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और आवेदन लेकर पहुँचे।

जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने एक-एक कर सभी आवेदकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। विभिन्न विभागों से संबंधित अनेक आवेदन शिकायत के रूप में प्राप्त हुए, जिनमें भूमि विवाद, पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल, सड़क, विद्युत, आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा एवं राजस्व से जुड़े मामलों की प्रमुखता रही।

उपायुक्त हेमंत सती ने उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी शिकायतों की विधिवत जाँच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों की भौतिक जाँच कर त्वरित कार्रवाई की जाए तथा निष्पादन की अद्यतन स्थिति उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसकी प्रतिपुष्टि समयबद्ध तरीके से दी जाए, ताकि शिकायत निवारण की प्रक्रिया सुचारु, प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से संचालित हो सके।उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम है, जिससे लोगों की समस्याओं का समाधान त्वरित रूप से संभव हो पाता है।

उल्लेखनीय है कि उपायुक्त कार्यालय में प्रत्येक सप्ताह मंगलवार एवं शुक्रवार को नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जहाँ आम नागरिक बिना किसी बाधा के सीधे प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएँ रख सकते हैं। यह पहल जिला प्रशासन की जन-हितैषी कार्यशैली को दर्शाती है और लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास को और मजबूत करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!