Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

पीएम श्री उत्क्रमित राजकीय उच्च विद्यालय, नगर पालिका कन्या साहिबगंज में वार्षिक खेलकूद उत्सव का भव्य आयोजन।

सावित्री बाई फुले कला मंच’ का हुआ शुभारंभ, खेल और संस्कृति का दिखा सुंदर संगम।

साहिबगंज। पीएम श्री उत्क्रमित राजकीय उच्च विद्यालय, नगर पालिका कन्या साहिबगंज में वार्षिक खेलकूद उत्सव उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर में आयोजित इस रंगारंग कार्यक्रम में छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़–चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पूरे दिन विद्यालय मैदान खेल के रंग में रंगा नजर आया और दर्शकों की तालियों से वातावरण गूंजता रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएससी हर्ष कुमार, विशिष्ट अतिथि एसडीओ शिक्षा लक्ष्मण कुमार यादव, प्राचार्य सह भू–वैज्ञानिक डॉ. रणजीत कुमार सिंह तथा एपीओ संजय कुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों का स्वागत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधा भेंट कर किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में ‘सावित्री बाई फुले कला मंच’ का विधिवत उद्घाटन भी अतिथियों के करकमलों द्वारा किया गया। यह मंच छात्राओं की रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं कलात्मक प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम बनेगा। उद्घाटन के दौरान उपस्थित छात्राओं एवं शिक्षकों ने करतल ध्वनि से इस सराहनीय पहल का स्वागत किया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस मंच के माध्यम से नाटक, लोकगीत, कविता पाठ, वाद-विवाद एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों को नियमित रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा।

वार्षिक खेलकूद उत्सव के अंतर्गत कबड्डी, खो–खो और रस्साकशी जैसी रोमांचक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। छात्राओं ने खेल भावना का परिचय देते हुए टीम वर्क, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक उत्साह का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने वाली छात्राओं, सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं तथा खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है। इससे शारीरिक सुदृढ़ता के साथ–साथ मानसिक संतुलन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।

डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा, “नशा को ना, खेल को हाँ कहें युवा। प्रत्येक विद्यार्थी को कम से कम एक खेल अवश्य खेलना चाहिए। खेल स्वस्थ शरीर, सशक्त व्यक्तित्व और सकारात्मक जीवन दृष्टि का आधार है।”

एसडीओ शिक्षा लक्ष्मण कुमार यादव ने खेल को स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र बताते हुए नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने पर बल दिया। वहीं एपीओ संजय कुमार तिवारी ने शिक्षा के महत्व पर आधारित लोकगीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। बी.एड. के खुशीलाल पंडित ने अपनी स्वरचित कविता का पाठ कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय परिवार के शिक्षक–शिक्षिकाओं की सराहनीय भूमिका रही। पूरे आयोजन के दौरान उत्सव जैसा वातावरण बना रहा और दर्शकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक मो. फारूक हुसैन, प्रदीप कुमार मोदी, रेखा कुमारी, अनिल किस्कू, कविता कुमारी, नीलम इंदुवारा, प्रिया कुमारी, प्रियंका कुमारी, रश्मि कुमारी गुप्ता, निरोजिनी मरांडी, सुजीत कुमार, अनिकेत कुमार, खेल प्रशिक्षक आदित्य कुमार, यमुना दास चौधरी, बालिका उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मो. यूसुफ, पिंकी कुमारी, मीरा कुमारी सहित अनेक शिक्षक–शिक्षिकाएँ एवं छात्राएँ उपस्थित थीं।

अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभा के प्रदर्शन का मंच बना, बल्कि शिक्षा, संस्कृति और सकारात्मक जीवन मूल्यों के समन्वय का प्रेरणादायी उदाहरण भी प्रस्तुत कर गया।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!