Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

नगर निकाय चुनाव की तैयारी तेज: उपायुक्त हेमंत सती ने मतदान पदाधिकारियों के प्रशिक्षण का किया निरीक्षण, निष्पक्ष व पारदर्शी मतदान पर दिया विशेष जोर।

साहिबगंज। नगर निकाय आम निर्वाचन को सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की दिशा में जिला प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ जुटा हुआ है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पुलिस लाइन परिसर में आयोजित मतदान पदाधिकारी (प्रथम एवं द्वितीय) के प्रशिक्षण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान कराने की संपूर्ण प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, पदाधिकारियों की समझ, मतदान की प्रक्रिया के प्रति उनकी तत्परता तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी की समीक्षा की।

उपायुक्त हेमंत सती ने प्रशिक्षण में उपस्थित सभी मतदान पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान सजगता, निष्पक्षता और पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक है, ताकि प्रत्येक मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर उसका विश्वास और मजबूत हो।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त सभी जानकारियों को मतदान के दिन पूर्ण निष्ठा, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ व्यवहार में लाया जाए। उपायुक्त ने कहा कि चुनाव केवल एक प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि लोकतंत्र का महापर्व है, जिसमें प्रत्येक मतदान पदाधिकारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 276 मतदान पदाधिकारियों को बैलेट पेपर के सही उपयोग, मतदाता की पहचान की प्रक्रिया, मतदान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियाँ, सीलिंग प्रक्रिया, मतपेटी प्रबंधन सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण सत्र में व्यवहारिक अभ्यास भी कराया गया, जिससे पदाधिकारी मतदान के दिन किसी प्रकार की त्रुटि से बच सकें।

इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुझू कुमार मिश्रा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की जा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!