Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

नगर निकाय चुनाव–2026 और इंटर परीक्षा को लेकर उपायुक्त हेमंत सती का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की ली गहन समीक्षा।

साहिबगंज। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती ने बुधवार को प्रशासनिक तैयारियों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निकाय चुनाव–2026 के तहत संचालित पीठासीन पदाधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा इंटरमीडिएट परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।सबसे पहले उपायुक्त मध्य विद्यालय, पुलिस लाइन पहुंचे, जहां नगर निकाय चुनाव 2026 के अंतर्गत पीठासीन पदाधिकारियों का प्रशिक्षण चल रहा था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया। मतदान सामग्रियों के उपयोग की प्रक्रिया, मतपत्रों के सुरक्षित प्रबंधन, सीलिंग की विधि तथा निर्वाचन से संबंधित प्रपत्रों के सही संधारण की जानकारी स्वयं प्राप्त की।

उपायुक्त ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर त्रुटि की कोई गुंजाइश न रहे। उन्होंने अनुशासन, समयबद्धता एवं व्यवहारिक अभ्यास पर विशेष बल देते हुए कहा कि चुनाव जैसे संवेदनशील दायित्व में दक्षता, पारदर्शिता और सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।

इसके पश्चात उपायुक्त हेमंत सती संध्या इंटर विद्यालय पहुंचे, जहां झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया गया। उन्होंने परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर परीक्षार्थियों की स्थिति का जायजा लिया तथा परीक्षा संचालन की पारदर्शिता, गोपनीयता एवं कदाचार मुक्त व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की जानकारी ली।

उपायुक्त ने केंद्राधीक्षक को निर्देश दिया कि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पूर्णतः कदाचार-मुक्त वातावरण में संपन्न कराई जाए। साथ ही सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने पर बल दिया।निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!