नगर निकाय आम निर्वाचन 2026 : साहिबगंज में प्रेस कॉन्फ्रेंस, तीनों नगर निकायों के चुनावी आंकड़े जारी।

साहिबगंज।नगर निकाय आम निर्वाचन 2026 को लेकर शनिवार साहिबगंज में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता को साहिबगंज नगर परिषद के अध्यक्ष पद के निर्वाची पदाधिकारी गौतम भगत ने संबोधित किया। उन्होंने नगर परिषद साहिबगंज, नगर पंचायत बरहरवा एवं नगर पंचायत राजमहल से संबंधित विस्तृत निर्वाचन आंकड़े मीडिया के समक्ष साझा किए।प्रेस कॉन्फ्रेंस में मतदान केंद्रों की संख्या, मतदाताओं का विवरण, नामांकन की स्थिति, अभ्यर्थियों की संख्या तथा मतदान प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
नगर परिषद, साहिबगंज
साहिबगंज नगर परिषद क्षेत्र में कुल 28 वार्ड हैं। यहां 66 मतदान केंद्र एवं 01 सहायक मतदान केंद्र (21/1 ‘क’) बनाए गए हैं। नगर परिषद क्षेत्र में कुल 69,164 मतदाता हैं, जिनमें 35,565 पुरुष एवं 33,599 महिला मतदाता शामिल हैं।
अध्यक्ष पद के लिए कुल 18 नामांकन प्राप्त हुए। किसी भी नामांकन को अस्वीकृत नहीं किया गया तथा किसी अभ्यर्थी ने नाम वापस नहीं लिया। कोई भी अभ्यर्थी निर्विरोध नहीं रहा। इस प्रकार अध्यक्ष पद के लिए कुल 18 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।
वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 134 नामांकन प्राप्त हुए, जिनमें से 11 नामांकन अस्वीकृत हुए, 10 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिया तथा 05 अभ्यर्थी निर्विरोध निर्वाचित हुए। शेष 108 अभ्यर्थी चुनाव में भाग ले रहे हैं।
नगर पंचायत, बरहरवा
नगर पंचायत बरहरवा में कुल 14 वार्ड हैं तथा यहां 20 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 19,353 मतदाता हैं, जिनमें 9,785 पुरुष एवं 9,568 महिला मतदाता शामिल हैं।
अध्यक्ष पद के लिए कुल 06 नामांकन प्राप्त हुए। कोई नामांकन अस्वीकृत नहीं हुआ और न ही किसी ने नाम वापसी की। कोई भी अभ्यर्थी निर्विरोध नहीं रहा।
वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 64 नामांकन प्राप्त हुए, जिनमें से 02 नामांकन अस्वीकृत, 05 नाम वापसी हुई तथा शेष 57 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।
नगर पंचायत, राजमहल
नगर पंचायत राजमहल में कुल 14 वार्ड हैं तथा 19 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। यहां कुल 17,859 मतदाता हैं, जिनमें 9,094 पुरुष एवं 8,765 महिला मतदाता शामिल हैं।
अध्यक्ष पद के लिए कुल 06 नामांकन प्राप्त हुए, जिनमें से 01 नामांकन अस्वीकृत एवं 01 नाम वापसी हुई। इस प्रकार अध्यक्ष पद के लिए अब 04 अभ्यर्थी चुनाव में शेष हैं।
वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 48 नामांकन प्राप्त हुए, जिनमें 01 नामांकन अस्वीकृत, 02 नाम वापसी तथा 02 अभ्यर्थी निर्विरोध निर्वाचित हुए। शेष 43 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।
निर्वाची पदाधिकारी गौतम भगत ने बताया कि इस बार मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा।
अध्यक्ष पद के लिए हल्का गुलाबी रंग का बैलेट पेपर रहेगा।
वार्ड पार्षद पद के लिए सफेद रंग का बैलेट पेपर उपयोग में लाया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका पदाधिकारियों द्वारा विस्तार से उत्तर दिया गया।इस अवसर पर निर्वाची पदाधिकारी (अध्यक्ष) नगर पंचायत बरहरवा संजय कुमार दास, निर्वाची पदाधिकारी (अध्यक्ष) नगर पंचायत राजमहल छुटेश्वर दास, जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनिल कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस मतीन तारीक एवं बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




