Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

MUJY और RDSS योजनाओं की सुस्त रफ्तार पर उपायुक्त हेमंत सती सख्त, अल्पविकसित गांवों में शीघ्र विद्युत आपूर्ति के निर्देश।

समीक्षा बैठक में जताई नाराजगी, संवेदक एजेंसी पर कार्रवाई की चेतावनी — नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति रिपोर्ट देने का आदेश।

साहिबगंज।उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में झारखंड विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के अंतर्गत संचालित विभिन्न विद्युत योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष रूप से मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना (MUJY) एवं पुनरुत्थान वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने MUJY योजना के तहत चल रहे कार्यों की वर्तमान स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य में तेजी लाते हुए सभी लंबित एवं अल्पविकसित गांवों में शीघ्र विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने कहा कि बिजली ग्रामीण जीवन की मूलभूत आवश्यकता है और इसके अभाव में विकास की गति प्रभावित होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं RDSS योजना की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने कार्य कर रही संवेदक एजेंसी की धीमी प्रगति पर असंतोष जताया। उन्होंने विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित एजेंसी के विरुद्ध विभाग को तत्काल पत्राचार कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया जाए तथा कार्य में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने सख्त लहजे में कहा कि यदि कार्य में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित एजेंसी पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त हेमंत सती ने सभी विद्युत योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश देते हुए कहा कि कार्य की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में अनावश्यक देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी एवं पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।बैठक में विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, विभागीय कर्मी तथा कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!