मिचाचौकी में जल जमाव की समस्या पर उपायुक्त हेमंत सती का स्थल निरीक्षण।
जल निकासी की स्थायी व्यवस्था के लिए शीघ्र बनेगी तकनीकी डीपीआर, बरसात से पहले अस्थायी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश।

मिचाचौकी साहिबगंज।मिचाचौकी क्षेत्र में बढ़ते जल जमाव एवं जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर शनिवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती ने स्वयं स्थल पर पहुंचकर स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया। विशेष रूप से रेलवे स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में हो रहे जल जमाव की समस्या का उन्होंने गहनता से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में नालों की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण जल निकासी बाधित हो जाती है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है और आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। कई स्थानों पर जल भराव के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं तथा लोगों को दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त हेमंत सती ने आश्वासन दिया कि जल निकासी की स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ठोस पहल की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि मिचाचौकी क्षेत्र में नालों एवं सड़कों के निर्माण से संबंधित एक समग्र एवं तकनीकी डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत की जाए, ताकि समस्या का दीर्घकालिक समाधान संभव हो सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि डीपीआर तैयार करते समय जल निकासी की दिशा, नालों की उपयुक्त चौड़ाई एवं गहराई, तथा सड़क संरचना का तकनीकी एवं व्यावहारिक आकलन अवश्य किया जाए। उन्होंने कहा कि योजना ऐसी होनी चाहिए, जिससे भविष्य में जल जमाव की समस्या पूरी तरह समाप्त हो सके।
इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि बरसात के आगमन से पूर्व आवश्यक अस्थायी उपाय तत्काल किए जाएँ, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जनसमस्याओं के समाधान के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
स्थल निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी, अभियंता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। उपायुक्त के इस निरीक्षण से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही मिचाचौकी क्षेत्र को जल जमाव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।




