Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
लोकल न्यूज़

मंडरो में ‘सम्पूर्णता अभियान 2.0’ को गति देने हेतु महत्वपूर्ण बैठक, 6 इंडिकेटर लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति का सामूहिक संकल्प।

मंडरो साहिबगंज।आकांक्षी प्रखंड मंडरो एवं आकांक्षी जिला साहिबगंज में ‘सम्पूर्णता अभियान 2.0’ के अंतर्गत चयनित छह प्रमुख इंडिकेटर लक्ष्यों की शत प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सांस्कृतिक भवन, मंडरो में एक महत्वपूर्ण बैठक सह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन सहित विभिन्न विकासात्मक क्षेत्रों में निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा करना तथा सभी संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोरियो विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनंजय सोरेन उपस्थित रहे। उनके साथ जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुमार एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी, मंडरो मेघनाथ उरांव ने संयुक्त रूप से अभियान के सभी इंडिकेटरों पर विस्तारपूर्वक विचार विमर्श किया। अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार द्वारा इन लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए तीन माह की समय सीमा निर्धारित की गई है, जिसे सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए सभी विभागों के पदाधिकारी, कर्मी, जनप्रतिनिधि तथा ग्रामीणों का सक्रिय सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि ‘सम्पूर्णता अभियान 2.0’ केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनभागीदारी पर आधारित एक व्यापक विकास अभियान है। इसी उद्देश्य से अभियान को जन जन तक पहुँचाने तथा लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। इन ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को अभियान के उद्देश्यों और लक्ष्यों की जानकारी दी जाएगी तथा उन्हें सक्रिय रूप से इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, आकांक्षी प्रखंड फेलो नीति आयोग मनीष कुमार, बीपीओ-मनरेगा अभिषेक आनंद, बीपीओ शिक्षा एहसान अहमद, बीपीओ स्वास्थ्य अमन भारती सहित अन्य अधिकारियों ने अपने अपने विभागों से संबंधित लक्ष्यों की जानकारी दी और समयबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं की सुदृढ़ता, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, कृषि एवं पशुपालन के क्षेत्र में उन्नति तथा सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन इस अभियान के प्रमुख केंद्र बिंदु हैं।कार्यक्रम में अभिषेक कुमार, रजिया बेगम, मिथुन, संजय, आशित ऑपरेटर सहित प्रखंड के पंचायत सचिव, जनसेवक, रोजगार सेवक, आंगनवाड़ी सेविका एवं सहायिका, स्वास्थ्य सहिया तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि आपसी समन्वय, जनसहभागिता और निरंतर प्रयासों के माध्यम से ‘सम्पूर्णता अभियान 2.0’ के सभी लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरा किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से अपील की कि वे अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और विकास की इस पहल को जन-आंदोलन का रूप दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!