कटहलबाड़ी भट्टा में जमीन विवाद ने ली जान: मारपीट में घायल कार्तिक मंडल की मौत, तीन आरोपी गिरफ्तार।

राधानगर साहिबगंज।राधानगर थाना क्षेत्र के कटहलबाड़ी भट्टा में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट की घटना ने एक व्यक्ति की जान ले ली। गंभीर रूप से घायल कार्तिक मंडल पिता स्वर्गीय राम मंडल की इलाज के दौरान अनुमंडलीय अस्पताल, राजमहल में मृत्यु हो गई। इस घटना से क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल व्याप्त है।
राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विमलेश कुमार त्रिपाठी ने अनुमंडल कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में घटना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिनांक 03 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 10:30 बजे पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि कटहलबाड़ी भट्टा में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है, जिसमें कार्तिक मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, राजमहल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों को तत्काल सूचित किया गया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर SDPO विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कांड के तीन नामजद अभियुक्तों सुचिन घोष, तपन घोष एवं झकसु घोष तीनों पिता स्वर्गीय तेनू घोष, निवासी कटहलबाड़ी भट्टा, थाना राधानगर, जिला साहिबगंज को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में राधानगर थाना कांड संख्या 35/2026, दिनांक 03.02.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 190,191(2), 193(3), 115(2), 117(2), 103(1), 74 / 352 के अंतर्गत मामला दर्ज कर अनुसंधान जारी है। गिरफ्तार अभियुक्तों को 04 फरवरी 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।पुलिस द्वारा घटना में शामिल अन्य संभावित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी:
राजमहल पुलिस निरीक्षक प्रभाग राजीव रंजन, राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, राधानगर थाना के शिवानंद प्रसाद, सुनील कुमार मेहता, मनोज कुमार पासवान तथा सशस्त्र बल के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



