जनता दरबार में उपायुक्त हेमंत सती ने सुनीं आमजन की समस्याएँ, त्वरित समाधान के दिए सख्त निर्देश।

साहिबगंज। उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित नियमित जनता दरबार के दौरान उपायुक्त हेमंत सती ने जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनता दरबार में पहुंचे प्रत्येक व्यक्ति से उपायुक्त ने व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए आश्वस्त किया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जनता दरबार में विभिन्न विभागों से संबंधित अनेक आवेदन और शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने शिकायतकर्ताओं की बातें ध्यानपूर्वक सुनने के उपरांत संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का भौतिक सत्यापन करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए अपनी प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति बनी रहे। उपायुक्त हेमंत सती ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि उपायुक्त कार्यालय में प्रत्येक सप्ताह मंगलवार एवं शुक्रवार को नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जहां आमजन अपनी समस्याएं सीधे उपायुक्त के समक्ष रख सकते हैं। यह पहल प्रशासन और जनता के बीच संवाद को सुदृढ़ करने के साथ-साथ समस्याओं के त्वरित निवारण का प्रभावी माध्यम बन रही है।



