Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

बड़हरवा रेलवे स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान, 257 लोगों पर कार्रवाई।

कैंप कोर्ट में ₹1,06,895 का जुर्माना वसूला गया, बिना टिकट यात्रा व अवैध गतिविधियों पर सख्ती।

बड़हरवा (साहिबगंज)। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल अंतर्गत बड़हरवा रेलवे स्टेशन पर सोमवार को विशेष टिकट जांच अभियान एवं कैंप कोर्ट का आयोजन किया गया। यह अभियान रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी राहुल कुमार के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें सीआईबी मालदा  टीम, आरपीएफ बड़हरवा इंस्पेक्टर संजीव कुमार, मुख्य टिकट निरीक्षक हेमंत कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं स्टाफ सक्रिय रूप से शामिल रहे।

अभियान के दौरान रेलवे टिकटों की सघन जांच की गई। टीम ने सामान्य कोचों के साथ-साथ महिला एवं दिव्यांग बोगियों में यात्रा कर रहे यात्रियों की भी जांच की। बिना टिकट यात्रा करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 134 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे रेलवे अधिनियम के तहत ₹76,295 का जुर्माना वसूला गया।

इसके अतिरिक्त, ट्रैक पार करने (ट्रैक पास), अवैध वेंडिंग, स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने, धूम्रपान करने तथा बिना बुक किए सामान ले जाने जैसे मामलों में भी विशेष निगरानी रखी गई। स्टेशन परिसर में आयोजित कैंप कोर्ट के दौरान आरपीएफ द्वारा विभिन्न मामलों में 123 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिनसे ₹30,600 का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान कुल 257 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹1,06,895 का जुर्माना वसूला गया।

रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा की प्रवृत्ति पर रोक लगाना, ट्रैक पार करने की घटनाओं में कमी लाकर संभावित रेल दुर्घटनाओं को रोकना, अवैध वेंडरों पर नियंत्रण स्थापित करना तथा स्टेशन परिसर में विधि-व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखना है। साथ ही आम यात्रियों को रेलवे नियमों के प्रति जागरूक करना भी इस विशेष अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के सघन जांच अभियान नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!