Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
लोकल न्यूज़

साहिबगंज में दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषि मेला-सह-फल एवं सब्जी प्रदर्शनी का भव्य समापन, 130 किसान सम्मानित किया।

साहिबगंज।संयुक्त जिला कृषि भवन परिसर, साहिबगंज में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषि मेला-सह-फल एवं सब्जी प्रदर्शनी का शनिवार को भव्य एवं सफल समापन हुआ। मेले के दूसरे दिन अनुमंडल पदाधिकारी, साहिबगंज तथा संयुक्त कृषि निदेशक, संताल परगना प्रमंडल, दुमका ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और किसानों से संवाद स्थापित किया।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में कृषि विज्ञान केंद्र, साहिबगंज की प्रधान-सह-वरीय वैज्ञानिक डॉ. सुप्रिया सिंह ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती पद्धतियों तथा जैविक कृषि के महत्व पर विस्तृत तकनीकी जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र के स्टॉल पर केंचुआ खाद, नेडेप खाद, जीरो एनर्जी कूल चेंबर, एलोवेरा जेल निष्कर्षण सहित कई उपयोगी मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। किसानों को इन तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया गया।

संयुक्त कृषि निदेशक ने मिट्टी की उर्वरक क्षमता बनाए रखने के लिए जैविक खेती अपनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के न्यूनतम उपयोग तथा गोबर खाद, कम्पोस्ट, जीवामृत आदि के अधिक प्रयोग की सलाह दी, जिससे खेती टिकाऊ और लाभकारी बन सके।

जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का ने विभागीय योजनाओं—विशेषकर झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना एवं किसान समृद्धि योजना—की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों से अधिक-से-अधिक मिलेट की खेती अपनाने का आह्वान किया। साथ ही अनुदानित दर पर सोलर पंपसेट अधिष्ठापन योजना के बारे में भी जानकारी दी। जिला उद्यान पदाधिकारी ने उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं से किसानों को अवगत कराया।

द्वितीय सत्र में किसानों के बीच कृषि क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 30 प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले किसानों को पुरस्कार स्वरूप कुदाल एवं नैनो डीएपी प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रदर्शनी में कुल 44 फसल समूहों के अंतर्गत 130 किसानों को पुरस्कृत किया गया।

प्रथम पुरस्कार: 44 किसानों को बड़ी स्टील बाल्टी

द्वितीय पुरस्कार: 42 किसानों को कुदाल

तृतीय पुरस्कार: 44 किसानों को केन एवं हैंड स्प्रेयर

सभी विजेताओं को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

कृषि विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन प्रखंड कृषि पदाधिकारी, तीन प्रखंड तकनीकी प्रबंधक तथा तीन सहायक तकनीकी प्रबंधक को सम्मानित किया गया। जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पाँच कृषक मित्रों को ₹5000 की प्रोत्साहन राशि एवं मिल्टन वाटर बोतल देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त डिजिटल क्रॉप सर्वे योजना के अंतर्गत तीन सर्वश्रेष्ठ निजी सर्वेयरों को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला उद्यान कार्यालय एवं कृषि विज्ञान केंद्र, साहिबगंज द्वारा प्रशिक्षित महिला किसानों के बीच प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया।

मेले के प्रमुख आकर्षणों में हाइड्रोपोनिक्स, सोलर पंप, तसर सिल्क एवं उसके उत्पाद, प्राकृतिक कृषि मॉडल, केज कल्चर, ड्रोन तकनीक, आकांक्षा हाट तथा मशरूम की खेती विशेष रूप से किसानों के आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान के तहत “सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

दो दिवसीय इस कृषि मेले में हजारों महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लेकर विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन और आय बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संयुक्त कृषि निदेशक, संताल परगना प्रमंडल, दुमका; अनुमंडल पदाधिकारी, साहिबगंज; विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी; कृषि वैज्ञानिक; स्वयंसेवी संस्थान; निजी संस्थान तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!